दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई, 481 गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 07 मई (वार्ता) दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने संगठित अपराध के विरुद्ध एक बड़ा अभियान चलाया है और इसके अंतर्गत शहजाद भट्टी गिरोह के नौ सदस्यों सहित कुल 481 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल के अतिरिक्त आयुक्त पी.एस. कुशवाहा ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान स्थित अपराधी-आतंकवादी नेटवर्क, शहजाद भट्टी गिरोह से जुड़े नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें से पांच को कथित तौर पर सुपारी लेकर हत्या करने का काम सौंपा गया था और वे पुलिसकर्मियों पर हमले की योजना बना रहे थे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान पिछले 48 घंटों में सभी जिला इकाइयों और स्पेशल सेल की टीमों की भागीदारी के साथ चलाया गया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश में 1,014 स्थानों पर 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों ने छापेमारी की।इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने 481 लोगों को गिरफ्तार किया और 130 पिस्तौल, 214 कारतूस, 79 चाकू, 99 लाख रुपये नकद, 24 वाहन और लगभग 90 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किये। छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन भी बरामद किये गये।

अधिकारियों ने कहा कि लगभग 30 गिरोहों से जुड़े गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई की गयी, जिनमें हाशिम बाबा गिरोह, नासिर गिरोह, नीरज बवाना गिरोह, काला जत्थेड़ी गिरोह, छेनू गिरोह, गोगी गिरोह, अर्श डल्ला गिरोह, सद्दाम गौरी गिरोह, कौशल चौधरी गिरोह और टिल्लू गिरोह शामिल हैं। पुलिस ने आगे बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न गिरोहों से सीधे तौर पर जुड़े 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
स्पेशल सेल के अनुसार, शहजाद भट्टी गिरोह से जुड़े तीन आरोपी पंजाब के थे और उन्हें कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का काम सौंपा गया था, जबकि एक अन्य आरोपी को सुरक्षाकर्मियों पर हमले के लिए रेकी (टोह लेने) का काम दिया गया था। कई आरोपी सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भट्टी गिरोह के संपर्क में आए थे। मामले की आगे की जांच जारी है।

.....

Next Post

केएससीए की ज़्यादा फ़्री टिकटों की मांग की वजह से बेंगलुरु से आईपीएल फ़ाइनल छिन गया: बीसीसीआई

Thu May 7 , 2026
बेंगलुरु/गुवाहाटी, 07 मई (वार्ता) आईपीएल प्लेऑफ़ से पहले एक बड़े विवाद में, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) पर 10,000 से ज़्यादा अतिरिक्त मुफ़्त टिकटों की मांग करने का आरोप लगाया – जिसमें विधायकों, एमएलसी और कर्नाटक सरकार के लिए कोटा भी शामिल […]

You May Like