समोसे के लिए 10 मिनट रुकी मालगाड़ी! लोको पायलट का VIDEO वायरल

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर-महू रेल मार्ग से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक मालगाड़ी के लोको पायलट ने समोसे खरीदने के लिए ट्रेन को करीब 10 मिनट तक ट्रैक पर रोक दिया। वीडियो में कथित तौर पर लोको पायलट रेलवे ब्रिज से नीचे उतरकर एक दुकान से समोसे खरीदता और फिर हाथ में थैली लेकर वापस इंजन में चढ़ता दिखाई दे रहा है।

 

बताया जा रहा है कि यह घटना महू और राऊ स्टेशन के बीच की है। ट्रेन के कुछ देर तक ट्रैक पर खड़े रहने से आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया और रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

 

हालांकि, पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल वीडियो की जांच की जा रही है और अभी तक घटना के सटीक स्थान की पुष्टि नहीं हो सकी है। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इंजन या तकनीकी कारणों से कोई समस्या आती है तो ट्रेन रोकी जा सकती है, लेकिन नियमों के अनुसार लोको पायलट ट्रेन छोड़कर कहीं नहीं जा सकता।

 

रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। यदि जांच में वायरल वीडियो सही पाया जाता है और नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Next Post

ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम और एमओयू को बताया अप्रभावी, आगे की वार्ता को कहा 'समय की बर्बादी'

Wed Jul 8 , 2026
अंकारा, 08 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ हुआ युद्धविराम और समझौता ज्ञापन (एमओयू) अब प्रभावी नहीं रहा है। उन्होंने हालिया सैन्य तनाव के बाद ईरान के साथ आगे किसी भी बातचीत में रुचि न होने की बात कहते हुए उसे […]

You May Like