
नीमच। कृषि उपज मंडी में करीब एक माह से गेहूं के शेड में व्यापारियों की उपज का भंडारण होने के कारण किसानों को अपनी उपज रखने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान यह समस्या और गंभीर हो गई थी। किसानों की इस परेशानी को नवभारत समाचार पत्र ने सोमवार के अंक में प्रमुखता से उठाया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद मंडी प्रशासन हरकत में आया। मंडी में अवकाश होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने व्यापारियों को बुलाकर शेड में रखा गेहूं तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद व्यापारियों ने शेड के पास ट्रक लगवाकर गेहूं की बोरियों की लदान शुरू कर दी।
समाचार लिखे जाने तक करीब आधा शेड खाली कराया जा चुका था, जबकि शेष गेहूं की लदान जारी थी। मंडी प्रशासन के अनुसार शेष उपज भी जल्द हटाकर पूरा शेड खाली कराया जाएगा।
शेड खाली होने के बाद किसानों को अपनी गेहूं सहित अन्य कृषि उपज रखने और तौल कराने में सुविधा मिल सकेगी। किसानों ने समस्या को प्रमुखता से उठाने और उसके बाद हुई कार्रवाई पर संतोष जताया है।
