श्रीराम इंश्योरेंस कंपनी के दफ्तर से गिरकर कर्मचारी की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

गुना। बायपास तिराहे पर स्थित मारूति शोरूम के सामने श्रीराम इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस से गिरकर एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान लूसन का बगीचा निवासी 30 वर्षीय सचिन सेन के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग दो साल से इस कंपनी में कार्यरत था। घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बयानों में भारी विरोधाभास सामने आया है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जहां एक तरफ इंश्योरेंस कंपनी का दावा है कि सचिन ऑफिस की इमारत से अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सचिन के बड़े भाई मनीष ने सीधे तौर पर कंपनी के दो अधिकारियों को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि सचिन पिछले 3-4 दिनों से घर नहीं लौटा था और कंपनी के अधिकारियों ने उसे ऑफिस बिल्डिंग में बंधक बनाकर रखा हुआ था।

जानकारी के अनुसार, सचिन से कुछ रकम कंपनी को वापस लेनी थी, जिसकी वसूली को लेकर उस पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, अधिकारियों द्वारा उस पर इसी वक्त पैसे लाकर देने का कड़ा दबाव डाला जा रहा था और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी जान ली गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

Next Post

नशा व्यक्ति की निर्णय क्षमता को कम कर देता है 

Fri Jun 26 , 2026
दमोह।मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार व सुभाष सोलंकी प्रधान जिला न्यायाधीश /अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह के मार्गदर्शन में NALSA DAWN (Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug Free India) Scheme, 2025 के अंतर्गत आज जिला जेल दमोह में अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध व अवैध तस्करी […]

You May Like