उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनावों को दी अनुमति

नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ने की अनुमति दे दी हालांकि यह स्पष्ट कर दिया कि परिणाम राज्य के संशोधित अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण को चुनौती देने वाले मामले के अंतिम नतीजे पर निर्भर करेंगे।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ ने बांठिया आयोग की रिपोर्ट के आधार पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए एक नए आरक्षण ढांचे को लागू करने के महाराष्ट्र के फैसले पर सवाल उठाने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया।

न्यायालय ने निर्देश दिया, “नगर पंचायतों और नगर निगमों के चुनाव होंगे। हालांकि, 40 नगर निगमों और 17 नगर पंचायतों के परिणाम अंतिम फैसले के अधीन रहेंगे।”

पिछले सप्ताह, उच्चतम न्यायालय ने उन खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की थी कि उसके पहले के निर्देशों की गलत व्याख्या की जा रही है। पीठ ने दोहराया कि कुल आरक्षण पर 50 प्रतिशत की अधिकतम सीमा एक संवैधानिक सीमा है और जिसे बार-बार दोहराया गया है। इसका उल्लंघन नहीं किया जा सकता है। न्यायालय ने तब हस्तक्षेप किया जब उसे सूचित किया गया कि कई स्थानीय निकायों में आरक्षण तय सीमा से अधिक हो गया था।

मई 2025 में, उच्चतम न्यायालय ने निर्देश दिया था कि ओबीसी आरक्षण पर विवादों के कारण 2022 से लंबित महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव चार महीने के भीतर कराए जाने चाहिए।

Next Post

सुप्रीम कोर्ट ने पिन्नेली बंधुओं को लगाई फटकार, अग्रिम जमानत याचिका खारिज की

Fri Nov 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) नेता एवं पूर्व विधायक पिन्नेली रामकृष्ण रेड्डी और उनके भाई पिन्नेली वेंकटरमी रेड्डी को तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के दो कार्यकर्ताओं की हत्या के मामले में केस डायरी हासिल करने के लिए कड़ी फटकार लगाई तथा […]

You May Like