नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) ने आरोप लगाया कि जीएसटी की दरें कम करने का फायदा अभी लोगों तक पहुंचा भी नहीं है लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सरकार दिल्लीवालों पर जीएसटी उत्सव मनाने का दबाव बना रही है।
आप विधायक कुलदीप कुमार ने जीएसटी सुधारों के कार्यान्वयन को लेकर बुधवार को कहा कि अधिकारी दुकानदारों के पास जाकर कह रहे हैं कि जीएसटी का उत्सव मनाओ। अधिकारी व्यापारियों को धमका रहे हैं और उनसे जबरदस्ती उत्सव मनवा रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री, मंत्री एवं अधिकारी जबरदस्ती उत्सव मनवाने के लिए गली-गली घूम रहे हैं।
श्री कुमार ने कहा कि जब हम अच्छा काम करते हैं, तो जनता खुद उत्सव मनाती है इसलिए अगर यह इतना ही अच्छा उत्सव होता, तो जनता भी उत्सव मनाती। केंद्र में बैठी भाजपा सरकार ने यह कैसा संशोधन किया? दिल्ली के लोगों को क्या राहत दी? 1,000 रुपये तक के कपड़ों पर 12 फीसदी जीएसटी थी, अब इन्होंने इसे खत्म कर दिया और 2,500 रुपये से ऊपर के कपड़ों पर 18 फीसदी जीएसटी लगा दी है। फिर यह जीएसटी घटी या बढ़ी? भाजपा घुमा-फिराकर जनता को बेवकूफ बनाने के सिवाय और कुछ नहीं कर रही है।
