आनंद बोस ने मतदाता पंजीयन बंगाल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की

कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने अपना मतदाता पंजीयन केरल से यहां शिफ्ट करने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है कहा है कि वह राज्य का “गोद लिया बेटा” बनना चाहते हैं।

चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल को गुरुवार को बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओO)और बीएलओ सुपरवाइजर ने फॉर्म-8—निर्वाचन पता स्थानांतरित का आवेदन दिया। एक बार जब वह ज़रूरी दस्तावेज जमा कर देंगे, तो उनका नाम पश्चिम बंगाल के वोटर रोल में जोड़ दिया जाएगा।

केरल के कोट्टायम के रहने वाले बोस का बंगाल के साथ लंबे समय से मजबूत सांस्कृतिक और संवेदनशील रिश्ता रहा है। वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल नियुक्त हुए और उन्होंने राजभवन में सरस्वती पूजा के दौरान बंगाली में अपनी पहली क्लास ली।

श्री बोस ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “मानसिक रूप से मैं पश्चिम बंगाल के जीवन और संस्कृति से जुड़ा हुआ हूं। मैं यहां लंबे समय से हूं। मेरी भावनाएं बंगाल की मिट्टी से जुड़ी हुई हैं। इस राज्य के लोग, भाषा, संस्कृति और विरासत मुझे अपनी ओर खींचती हैं। मैं बंगाल का गोद लिया हुआ बेटा बनना चाहता हूं। इसीलिए मैंने यहां मतदाता बनने का फैसला किया है।”

रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा, “मुझे यहां रहना बहुत पसंद है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मैं उसी हवा में सांस ले रहा हूं जिसमें रवींद्रनाथ सांस लेते थे, उन रास्तों पर चल रहा हूं जिन पर कभी नेताजी चले थे। इस राज्य का मतदाता बनने से पश्चिम बंगाल के साथ मेरी एकता की भावना पूरी होगी।”

 

 

Next Post

स्कूल के लिए निकली दो बहनों का अपहरण

Fri Dec 12 , 2025
जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत इमलिया पिपरिया में स्कूल के लिए निकली दो बहनों का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण हो गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक इमलिया पिपरिया आधारताल निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दज कराई कि उसकी 15 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय […]

You May Like