ब्रिसबेन, 14 अक्टूबर (वार्ता) मेगन शूट (चार विकेट) और एश्ले गार्डनर तथा एनाबेल सदरलैंड के (दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने तीसरे एक दिवसीय मुकाबले में बंगलदेश को 49.5 ओवरों में 172रनों के स्कोर पर समेट दिया।
आज यहां टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बंगलादेश की शुरुआत
अच्छी नहीं रही और उसने 45 रन के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। मुर्शीदा खातून (एक), शर्मिन सुल्ताना (छह), कप्तान निगार सुल्तान (तीन) और शोभना मोस्तारी (नौ) रन बनाकर आउट हुई। इन चारों बल्लेबाजों को मेगन शूट ने आउट किया।
इसके बाद शर्मीन अख्तर और शोरना अख्तर की जोड़ी ने बंगलादेश की पारी को संभालने का प्रयास किया। इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी हुई। 34वें ओवर में एलिस पैरी ने शर्मीन अख्तर (50) रन को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद ऋतु मोनी (नौ) और राबेय खान (13) रन बनाकर आउट हुई। 49वें ओवर में एनाबेल सदरलैंड ने शोरना अख्तर (54) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसी ओवर की अखिरी गेंद पर सदरलैंड ने हबीबा इस्लाम (शून्य) का भी शिकार कर लिया। 50वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गार्डनर ने सुल्ताना ख़ातून (पांच) रन को आउट कर बंगलादेश की पारी का 172 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।

