भारी पुलिस बल को चकमा देकर देहरादून शहर में घुसे निहंगों को बामुश्किल भेजा गया वापस

देहरादून 26 जून (वार्ता) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद अंतर्गत स्थित श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा जाने की जिद पर अड़े निहंगों के बड़े जत्थे को रोकने में लगी पुलिस को चकमा देकर गुरुवार आधी रात के बाद देहरादून शहर में घुस गए। जहां रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा तक जा पहुंचे बीस से अधिक संख्या में आए इन निहगों को बामुश्किल पुलिस ने वापस हिमाचल प्रदेश की सीमा में स्थित पोंटा साहिब गुरुद्वारे तक पहुंचाया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार सुबह बताया कि कल 25 जून की रात्रि को कुछ निहंग श्रद्धालु पोंटा साहिब व अन्य मार्गो से देहरादून पहुंचे। जिनके साथ पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों द्वारा बातचीत की गई। विस्तृत बातचीत के बाद उन सभी को वापस पोंटा साहिब हिमाचल की तरफ भेजा गया।

उल्लेखनीय है कि चमोली जनपद के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के विवाद के बाद गुरुवार रात देहरादून में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब रवाना हुआ निहंग सिखों का पहला जत्था कुल्हाल में बैरिकेडिंग को तोड़ उत्तराखंड की सीमा में दाखिल हो गया। बताया जाता है कि करीब 200 निहंग सिख बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग से दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर बढ़ गए। धर्मावाला समेत विभिन्न चौक चौराहा पर जत्थे को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई। जत्थे में शामिल कुछ निहंग सिख हवा में तलवारें और कृपाण भी लहरा रहे हैं। निहंगों के प्रेम नगर पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया। कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। डीएम डा आशीष चौहान और एसएसपी प्रवेंद्र डोभाल खुद मौके पर पहुंच गए थे।

इससे पहले शाम करीब साढ़े सात बजे हिमाचल प्रदेश सीमा पर स्थित पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन और पुलिस से वार्ता विफल होने के बाद निहंग सिखों का जत्था कुल्हाल चेक पोस्ट पर पहुंच गया था। यहां उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन रात को निहंग सिख बैरिकेडिंग को तोड़कर उत्तराखंड की सीमा में दाखिल हो गए। कुछ निहंग सिखों ने दो डंपरों के शीशे तोड़ दिए। उसके बाद वह नारेबाजी करते हुए बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गए। उन्होंने तलवारें और कृपाण लहराना शुरू कर दिया। जत्थे में युवक और युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस और आईटीबीपी जवानों ने निहंग सिखों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तलवार लहराते और जंगबाजी के करतब करते हुए आगे बढ़ते रहे। पुलिस ने धर्मावाला और हरबर्टपुर बैरिकेडिंग की। जहां उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद निहंग दूसरे रास्ते से देहरादून पहुंच गए।

 

Next Post

फीफा विश्वकप: आइवरी कोस्ट ने कुराकाओ को हराकर नॉकआउट में बनाई जगह

Fri Jun 26 , 2026
फिलाडेल्फिया, 26 जून (वार्ता) निकोलस पेपे के दो शानदार गोलों की बदौलत आइवरी कोस्ट ने कुराकाओ पर 2-0 से जीत के साथ अपने फीफा विश्वकप इतिहास में पहली बार नॉकआउट चरण में जगह बना ली। मैच शुरू होने के सात मिनट बाद ही पेपे ने अपना पहला गोल किया, यान […]

You May Like