कोरबा, 09 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित डिज्नीलैंड मेले में झूले में बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद कर्मचारियों द्वारा एक दंपती और उनके साथी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिसकी जानकारी शनिवार को पुलिस ने दी।
पुलिस के अनुसार घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डिज्नीलैंड मेले के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला संचालक राहुल कुमार पासवान तथा कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि झूले में बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घटना के बाद मेले में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उल्लेखनीय है कि डिज्नीलैंड मेला पूर्व में भी विवादों और हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ वर्ष पूर्व मेले में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया था, जिसकी जांच रिपोर्ट अब तक लंबित बताई जा रही है। इसके अलावा झूला हादसे में कई लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक निगरानी तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि गंभीर घटनाओं के बावजूद प्रशासन केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहता है।
