
सीधी।राष्ट्रनायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला युवा कांग्रेस सीधी द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में संगोष्ठी “छात्र राजनीति से राष्ट्रीय राजनीति तक : कुंवर अर्जुन सिंह” विषय पर आयोजित की गई। कार्यक्रम पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक चुरहट अजय सिंह राहुल भैया के मुख्य आतिथ्य तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह और युवा कांग्रेस अध्यक्ष करुण सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जयराम शुक्ल तथा वरिष्ठ साहित्यकार राजकरण शुक्ला मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के शुभारंभ में दाऊ साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
वक्ताओं ने दाऊ साहब के छात्र जीवन से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक के संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायी सफर पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष करुण सिंह द्वारा पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, वरिष्ठ पत्रकार जयराम शुक्ला, वरिष्ठ साहित्यकार राजकरण शुक्ला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह तथा संभागीय प्रवक्ता प्रभारी शिल्पी अग्रवाल का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता जयराम शुक्ला ने कहा कि दाऊ साहब का राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से प्रारंभ हुआ। वे रीवा के ठाकुर रणमत सिंह कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष निर्वाचित हुए और वहीं से उन्होंने जनसेवा की राजनीति का मार्ग चुना। उन्होंने कहा कि स्व. अर्जुन सिंह ने राजनीति को सदैव समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकारों से जोड़ा और जीवन भर वंचितों, गरीबों तथा आदिवासियों की आवाज़ को बुलंद किया।
वरिष्ठ साहित्यकार राजकरण शुक्ला ने अपने वक्तव्य में कहा कि दाऊ साहब दूरदर्शी राजनेता थे। उनके नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए, शिक्षा और सामाजिक न्याय को नई दिशा मिली तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह का व्यक्तित्व राजनीतिक ही नहीं बल्कि सामाजिक चेतना से भी परिपूर्ण था।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष करुण सिंह ने कहा कि आज के युवाओं के लिए दाऊ साहब का जीवन प्रेरणा का स्रोत है। छात्र राजनीति से राष्ट्रीय राजनीति तक का उनका सफर यह संदेश देता है कि यदि उद्देश्य जनसेवा का हो तो संघर्ष का हर मार्ग सफलता की ओर ले जाता है।अंत में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रनायक स्व. कुंवर अर्जुन सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
दाऊ ने गरीबों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाया : राहुल
मुख्य अतिथि अजय सिंह राहुल भैया ने कहा कि दाऊ साहब ने अपने जीवन में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को मजदूर से मालिक बनाने का काम किया, गरीबों को एक बत्ती बिजली कनेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराया तथा प्रदेश के गरीब और वंचित वर्गों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिलाया। उन्होंने कहा कि दाऊ साहब ने मुख्यमंत्री रहते हुए गरीबों को आवासीय पट्टे वितरित किए और शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास किए।
उन्होंने आगे कहा कि जब दाऊ साहब केंद्र में मानव संसाधन मंत्री रहे, तब शिक्षा के अधिकार की अवधारणा को आगे बढ़ाया गया, जिससे देश के गरीब बच्चों को शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित हुआ। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा में आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय भी उनके कार्यकाल में हुआ, जिसने सामाजिक न्याय को मजबूत किया।
विंध्य क्षेत्र के विकास में दाऊ साहब का योगदान अविस्मरणीय: ज्ञान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि दाऊ साहब का सीधी और विंध्य क्षेत्र से विशेष आत्मीय संबंध रहा। उनके प्रयासों से सीधी जिले में एकलव्य विद्यालय, नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना हुई, जिससे क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह ने सदैव अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को अधिकार दिलाने की राजनीति की और यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व सांसद मानिक सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह, नपा अध्यक्ष काजल वर्मा, नपा उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह, संभागीय प्रवक्ता प्रभारी शिल्पी अग्रवाल, सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र भदौरिया, संगठन महासचिव ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश सिंह, जनपद अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह, जनपद अध्यक्ष मझौली सुनैना सिंह, पूर्व महामंत्री सुरेश प्रताप सिंह केडी सिंह, अभिषेक सिंह, सूर्या साहू, अनुज साहू, दिग्विजय सिंह, अंशू बघेल, रमन सिंह, दिनकर सिंह, रमेश साहू सहित जिलेभर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा कांग्रेस के साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
