राजगढ़। बिजली सप्लाई में व्याप्त अव्यवस्था एवं गौवंश की दुर्दशा को लेकर मंगलवार को दो जगह पर चक्काजाम किया गया. राजगढ़ एवं खुजनेर रोड पर करेड़ी के यहां चक्काजाम किया गया.
जानकारी के अनुसार राजगढ़-खुजनेर रोड पर करेड़ी के यहां मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे आसपास के ग्रामीणजनों द्वारा बिजली समस्या को लेकर चक्काजाम कर दिया गया. ग्रामीणों का कहना है कि दिन में बिजली नहीं देते हुए अधिकांशत: रात्रि के समय बिजली दी जा रही है, ऐसे में कड़ाके की ठंड के प्रकोप के बीच सिंचाई कर पाना भारी मुश्किलों भरा हो रहा है. पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी भी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की समस्या का समर्थन करते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की. करीब एक घंटे तक जाम रहा. जिससे वाहनों की लम्बी कतारे लग गई. मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के डीई द्वारा दिन में बिजली सप्लाई दिए जाने के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया.
गौवंश की दुर्दशा पर किया जाम
जिला मुख्यालय राजगढ़ स्थित ट्रेचिंग ग्राउण्ड में गौवंश की दुर्दशा को लेकर नाका नं 3 के यहां कांग्रेस कार्यालय के सामने हाईवे पर नवयुवक गौसेवा समिति के सदस्यों द्वारा चक्काजाम किया गया.
जानकारी के अनुसार नवयुवक गौसेवा समिति के सदस्यसों द्वारा शाम करीब 4 बजे नाका नं 3 पर चक्काजाम कर दिया गया. इनकी मांग थी कि ट्रेचिंग ग्राउण्ड पर गौवंश को विचरण करते हुए देखा जा सकता है, जो पॉजिथिन खा रही है. वहीं पर मृत गौवंश का भी अंतिम संस्कार किया जाता है. इनकी मांग है कि गौवंश के रहने हेतु बेहतर व्यवस्था की जाये. एसडीएम सुश्री निधी भारद्वाज द्वारा मौके पर पहुंचकर गायों को गौशाला में पहुंचाने तथा गौवंश की देखरेख एवं सुरक्षा को लेकर आश्वास्त किए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया.
