छतरपुर: जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों दोस्त क्रिकेट टूर्नामेंट देखकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।जानकारी के अनुसार, ग्राम बरा निवासी राजेश, कालिया और विक्रम अहिरवार बाइक से अपने गांव से करीब 9 किलोमीटर दूर महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तटम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट देखने गए थे। शाम को मैच समाप्त होने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे।
वापसी के दौरान सड़क पर धुंध और अंधेरा छाया हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अचानक सामने आए एक जानवर से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में बाइक चला रहे विक्रम अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश और कालिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि बदलते मौसम में धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और लाइट का सही उपयोग करने की अपील की है।
