
*हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह*
ग्वालियर। संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर, गोलपाड़ा में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। 11 अप्रैल से 13 अप्रैल तक चलने वाले इस उत्सव में श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल होंगे। उक्त जानकारी संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर गोलपाड़ा के महंत जगबीर दास ने मंदिर परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दी।
तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शृंखला में पहले दिन 11 अप्रैल शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से रामचरितमानस अखंड रामायण का पाठ प्रारंभ किया जाएगा। दूसरे दिन 12 अप्रैल शनिवार प्रातः 4 बजे मूर्ति स्वरूप हनुमान जी महाराज का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। चोला शृंगार किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7 बजे आरती स्तुति होगी। 7:30 बजे 56 प्रकार के व्यंजनों से प्रभु हनुमान जी महाराज को भोग लगाया जाएगा। 10 बजे अलौकिक हवन यज्ञ का आयोजन होगा। शाम 6 बजे कोटेश्वर मंदिर से विशाल राम हनुमान रथ यात्रा निकाली जावेगी। जिसमें मुख्य रूप से राम दरबार और वर्तमान में अयोध्या के राम के स्वरूप की झांकी निकाली जाएगी। अन्य झांकियां भी आकर्षण और आस्था का केंद्र रहेंगी। रथ यात्रा का प्रस्थान कोटेश्वर महादेव मंदिर से विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर पूजन आरती कर कराएंगे। रथ यात्रा का जगह-जगह स्वागत होगा। विशेष बात यह है कि मुस्लिम भाई भी जय श्री राम के नारे लगाते हुए इस यात्रा का स्वागत करते हैं और इस बार भी करेंगे। तीसरे दिन 13 अप्रैल रविवार को शाम 6 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें मिष्ठान के रूप में प्रभु का विशेष भोग प्रसाद 56 भोग प्रसाद भी परोसा जाएगा। मंदिर को आकर्षक रूप में सजाया जाएगा।
