भोपाल, 29 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सच्चे अर्थो में जनता की सेवा करने वाला राजनीतिक दल है।
डॉ यादव आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘‘आईएम बीजेपी फ्यूचर फोर्स‘‘ के दो दिवसीय बूट कैंप का शुभारंभ कर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी उद्यमी लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनसेवक बनकर कार्य करें। जिलों के विकास को और अच्छे तरीके से सुनिश्चित करने के लिए जिलों में गठित विकास समितियों में उद्यमियों व प्रोफेशनल्स को भी जोड़ा जाएगा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य ने अपने शासन में नवरत्न बनाए थे। इन्हीं नवरत्नों को जनता की सेवा के लिए नियुक्त कर दिया था। विक्रमादित्य सम्राट होते हुए कभी राजा या सम्राट कहलाना पसंद नहीं करते थे, वे जनता का सेवक ही कहलाना पदस्थ करते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विक्रमादित्य की तरह जनता की सेवा कर रहे हैं और खुद को जनता का सेवक मानते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए राजनीति से परिवारवाद को समाप्त करने और एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाने का आह्वान किया है, जिसके परिवार अभी राजनीति में नहीं हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि सत्ता की ताकत सुनीतियों के बल पर होती है, मध्यप्रदेश में 2003 से पहले कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन प्रदेश के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया गया। 2003 में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब प्रदेश की औद्योगिक विकास दर 0.02 प्रतिशत के करीब थी। भाजपा ने सुशासन और कल्याणकारी नीतियों के कारण मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में लाकर खड़ा कर दिया है। वर्तमान में मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास दर 12 प्रतिशत पहुंच गई है।
श्री शर्मा ने कहा कि युवा प्रोफशनल्स को शासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया में शामिल करने के प्रयास के रूप में ही इस बूट कैंप का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्री मोदी ने देश की राजनीति का परिदृश्य बदल दिया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वच्छता अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी युवाओं, इटेलेक्चुअल्स और प्रोफेशनल्स को राजनीति, शासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया में शामिल करना चाहते हैं और कई प्रोफेशनल्स ने अपने आपको साबित भी किया है। इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव एक एडव्होकेट हैं, लेकिन आज वो इंदौर के सफल महापौर हैं। देश के टॉप ब्यूरोक्रेट अश्विनी वैष्णव आज रेल मंत्री हैं और उनके नेतृत्व में भारतीय रेलवे जबरदस्त तरक्की कर रही है। एक और ब्यूरोक्रेट एस. जयशंकर हैं, जिनके नेतृत्व में भारत की विदेश नीति सारी दुनिया में अपना लोहा मनवा रही है।
