वाराणसी, 04 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से काशी पहुंच रही मोटरसाइकिल यात्रा का सात अक्टूबर को समापन होगा। इस दौरान 51 महिलाएं वडनगर की नदियों का जल को कलश लेकर यात्रियों के आगे चलेंगी।
इस अवसर पर रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा प्रस्तावित है।
शनिवार शाम को गुलाब बाग में आयोजित व्यवस्था टोली की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि वडनगर और काशी के बीच निकली यह मोटरसाइकिल यात्रा दोनों प्राचीन और जीवंत संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि छह अक्टूबर की दोपहर बाद यात्रियों के काशी पहुंचने का क्रम शुरू होगा।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि यात्रियों के स्वागत के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। सात अक्टूबर की सुबह सभी मोटरसाइकिल यात्री सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में एकत्र होंगे। इसके बाद वे बस से मैदागिन पहुंचकर पदयात्रा करते हुए काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे।
इस दौरान 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर यात्रियों के आगे चलेंगी। कलशों में वडनगर की नदियों का जल होगा, जिससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद यात्री जगतपुर इंटर कॉलेज पहुंचकर श्री नवीन की जनसभा में शामिल होंगे।
