सीधी: किसानों की बिना सहमति के सरहंगता पूर्वक टावर निर्माण हो रहा है। एसडीएम चुरहट एवं तहसीलदार रामपुर नैकिन से किसान एवं समाजसेवी ने शिकायत कर रीवा से महान लाइन परियोजना में अनाधिकृत टावर निर्माण पर रोंक लगाने की मांग की है।दरअसल अडानी पावर ट्रांसमिशन द्वारा तहसील रामपुर नैकिन क्षेत्र में रीवा से सिंगरौली (महान) पावर ट्रांसमिशन का कार्य ग्राम कुआं, बडख़रा, भितरी में किया जा रहा है।
अडानी पावर ट्रांसमिशन कंपनी के अधिकारियों/ कर्मचारियों द्वारा किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुये जबरन बिना अनुमति और मुआवजा भुगतान के ही शासन मंशा विपरीत विद्युत टावर लगाने का काम किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि भारत सरकार की टावर लाइन गाइड लगाने के अनुसान जिन किसानों की भूमि टावर क्षेत्र में आ रहा है उसका पूर्व सर्वे राजस्व विभाग से कराते हुये संबंधित किसानों को नोटिस दी जानी चाहिये। तत्पश्चात बाजार कीमत से 200 गुना ज्यादा भूमि की कीमत का मुआवजा के रूप से भुगतान होना चाहिये।
मुआवजा भुगतान के बाद ही टावर लगाने का काम होना चाहिये। यहां कंपनी के अधिकारियों द्वारा किसानों पर दबाव बनाकर काफी कम कीमत देकर टावर लगाने का काम किया है। इसकी शिकायत प्रभावित किसान रामानुज प्रसाद मिश्रा भितरी, यज्ञनारायण बढ़ई, बृजेश यादव, ओमप्रकाश यादव, शिव प्रकाश यादव सभी निवासी ग्राम कुआं, अम्बुज पाण्डेय एडवोकेट द्वारा रामपुर नैकिन थाना, तहसीलदार रामपुर नैकिन, एसडीएम के पास लिखित रूप से की गई है।
शिकायतकर्ताओं की जुबानी टावर निर्माण कंपनी के दबंगई की कहानी
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अडानी पावर ट्रांसमिशन के कर्मचारियों द्वारा किसानों के खेतों में जबरन मशीन लगाकर बिना सहमति के विद्युत टावर लगाने का कार्य किया जा रहा है। विरोध करने पर किसानों के साथ अभद्रता की जाती है। टावर लगाने का काम ग्राम कुआं, बडख़रा, भितरी में किया जा रहा है। यहां बिना अनुमति और मुआवजा भुगतान के ही शासन की मंशा के विपरीत टावर दबंगई पूर्वक लगाया जा रहा है। विभाग के बिना अनुमति अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की जा रही है।
कंपनी के कर्मचारी किसानों से मारपीट करने पर उतारू
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि बिना मुआवजा भुगतान के जबरन पावर ट्रांसमिशन के कर्मचारियों द्वारा टावर लगाने का काम किया जा रहा है। किसानों के विरोध जताने पर मारपीट पर कंपनी के कर्मचारी उतारू हो जाते हैं। 20-25 लोगों द्वारा कैम्प लगाकर मनमानी तौर पर किसानों के खेत में टावर लगाने का काम जबरन किया जा रहा है। जब किसान विरोध करते हैं तो अधिकारियों के नाम की धमकी देकर दबाव बनाया जाता है। इसकी शिकायत लिखित रूप में थाना रामपुर, तहसीलदार एवं एसडीएम के पास की गई है।
इनका कहना है
विद्युत टावर लगाने के संबंध में किसानों की कुछ शिकायतें सामने आई हैं। जिस पर निराकरण कराने के लिये जल्द ही बैठक का आयोजन किया जायेगा। बैठक में टावर कंपनी के अधिकारियों को भी शामिल किया जायेगा।
आशीष मिश्रा, तहसीलदार रामपुर नैकिन
अडानी पावन ट्रांसमिशन द्वारा रामपुर नैकिन क्षेत्र के बडख़रा, भितरी एव कुआं में मनमानी तौर पर टावर लगाने का काम सरगंईपूर्वक किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में करीब 50 फीसदी टावर लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। टावर कंपनी द्वारा भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुसार टावर लगाने के कार्य में मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। कंपनी के नुमाइंदे मौके पर आते हैं और मनमानी तौर पर टावर लगाना शुरू कर देते हैं।
अम्बुज पाण्डेय, समाजसेवी
