ब्यावरा: नगर में पेयजल सप्लाई के दौरान कई क्षेत्रों में दूषित, मटमैला व कहीं-कहीं पर दुर्गंधयुक्त पानी आने का सिलसिला चला आ रहा है. नपा के प्रयासों के बाद भी कई जगह आज भी पेयजल सप्लाई के दौरान दूषित पानी आना जारी है, सोमवार को नगर के भंवरगंज क्षेत्र में काफी मटमैला पानी आया जो कि चिंता का विषय है.जानकारी के अनुसार सोमवार को भंवरगंज क्षेत्र में लगभग आठ दिनों बाद पेेयजल सप्लाई हुई, किंतु नलों से काफी मटमैला पानी आते देख लोग सकते में आ गये. शुरु में तो यह सोचकर पानी नहीं भरा कि थोड़ी देर बाद साफ पानी आ जावेगा लेकिन जब देर तक पानी साफ नहीं आया तो मजबूरन उसी मटमैला पानी को भरने लगे.
इंदौर की घटना के बाद सक्रिय हुआ था अमला
इंदौर के भागीरथपुरा में विगत दिवस दूषित पानी पीने से हुई मौतो की घटना के बाद स्थानीय नपा प्रशासन द्वारा नगर में पेयजल सप्लाई लाईनों का चेक करना शुरु किया गया. कई जगह लीकेज मिले जिन्हें दुरस्त किया गया. परन्तु अभी भी कई बार नलों से मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी आ जाता है. सोमवार को भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला जब भंवरगंज क्षेत्र में मटमैला पानी आया.
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व तक स्थानीय राजगढ़ रोड क्षेत्र सहित कुछ अन्य जगहों पर पेयजल सप्लाई के समय नलों से काफी दूषित मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी आ रहा था. यहां पर भी लीकेज मिले जिन्हें ठीक किया गया. बावजूद इसके कभी कभार सप्लाई के दौरान मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी आने लगता है.
