
सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशानुसार आम नागरिकों को डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी, ऑनलाइन अपराधों और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले खतरों से सुरक्षित रखने हेतु जिला सीधी में विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ निरंतर और प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं समस्त अनुभागों के पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के सीधे पर्यवेक्षण में इस अभियान को अब जिले में एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दे दिया गया है। इसी तारतम्य में साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने और नागरिकों को सुरक्षा कवच प्रदान करने के उद्देश्य से जिले भर की समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। सीधी पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के प्रमुख बाजारों, चौकों, तिराहों, ग्राम पंचायतों तथा संवेदनशील बस्तियों में सघन जन-संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और युवाओं को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की शपथ दिलाई गई तथा वित्तीय ठगी से बचाव के व्यावहारिक तरीके साझा किए गए। अभियान के तहत जिले के समस्त थानों और चौकियों द्वारा जमीनी स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया हैं।
