इंदौर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने एयरलाइंस अधिकारियों के साथ सांसद लालवानी ने की बैठक

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर हवाई सेवाओं की स्थिति, नई उड़ानों के संचालन और विमानों की संख्या बढ़ाने को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने विमान कंपनियों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कुछ उड़ानों में संभावित कमी और नई सेवाएं शुरू करने के विषय पर भी चर्चा की गई।

सांसद लालवानी ने स्पष्ट कहा कि इंदौर देश के तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है, इसलिए किसी भी स्थिति में एयरलाइंस कंपनियां यहां से अपने संचालन में कटौती न करें। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए देश के प्रमुख शहरों के लिए अधिक उड़ानों का संचालन आवश्यक है।

बैठक के दौरान सांसद ने विभिन्न एयरलाइंस प्रतिनिधियों से इंदौर से नई विमान सेवाएं शुरू करने और मौजूदा उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से इंदौर सहित पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलेगी।

बैठक में एयरपोर्ट प्रबंधक सुनील मग्गीरवाल सहित विभिन्न विमान कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें इंडिगो से विपिन शर्मा, एयर इंडिया से विनेश वाधवानी, एयर इंडिया एक्सप्रेस से दीपक भाटिया तथा बंटी गोयल सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

सांसद ने अधिकारियों से इंदौर से देश के प्रमुख महानगरों और उभरते शहरों के लिए नई उड़ानों की संभावनाओं पर गंभीरता से कार्य करने का आग्रह किया। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि एयरपोर्ट प्रबंधन और विमान कंपनियां आपसी समन्वय से इंदौर की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगी।

सांसद ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इंदौर से देश के विभिन्न शहरों के लिए हवाई सेवाओं में विस्तार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Next Post

अस्थियों की अदला-बदली, तीन घंटे बाद अस्थियां लौटाने पर शांत हुआ विवाद

Sat Mar 7 , 2026
इंदौर। पंचकुइया श्मशान में शनिवार को एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया. श्मशान प्रबंधन की लापरवाही से एक ही नंबर के तीन टोकन जारी हो गए, जिसके कारण एक परिवार गलती से दूसरे की अस्थियां लेकर विसर्जन के लिए निकल गया. करीब तीन घंटे बाद अस्थियां लौटाई […]

You May Like

मनोरंजन