भोपाल:भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश में मां-बेटी चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं। ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के आरक्षक मदसूदन ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय सुनीता अपनी 15 वर्षीय बेटी लावन्या के साथ ट्रेन नंबर 12156 शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस से भोपाल पहुंची थीं। बेटी के वॉशरूम जाने के कारण ट्रेन से उतरने में देरी हो गई। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। मां-बेटी ने उतरने की कोशिश की, लेकिन पैर फिसलने से दोनों ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं।
प्लेटफॉर्म पर बीट A3 और A5 में ड्यूटी कर रहे RPF आरक्षक मदसूदन ने दोनों को गिरते देखा और तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। RPF ने दोनों से प्राथमिक उपचार लेने के बारे में पूछा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
RPF की यात्रियों से अपील
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें। थोड़ी-सी जल्दबाजी भी जानलेवा साबित हो सकती है
