माउंट मौंगानुई (न्यूजीलैंड) | न्यूजीलैंड के बे ऑफ प्लेंटी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माउंट मौंगानुई में गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे काल बनकर पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। मलबे का विशाल सैलाब सीधे वहां बने एक व्यस्त हॉलिडे पार्क, हॉट पूल और कैंपग्राउंड के ऊपर गिरा, जिससे पूरा इलाका मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। हादसे के वक्त पार्क में कई पर्यटक अपनी छुट्टियां मना रहे थे। आपातकालीन प्रबंधन मंत्री मार्क मिचेल ने इसे देश के लिए एक बड़ी मानवीय त्रासदी करार दिया है, क्योंकि मलबे के नीचे बच्चों सहित कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, टौरंगा और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में 270 मिलीमीटर रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। यह बारिश इतनी भीषण थी कि महज 12 घंटों में ढाई महीने के बराबर पानी बरस गया, जिससे पहाड़ी मिट्टी ने अपनी पकड़ खो दी। इस तूफान ने पूरे नॉर्थ आइलैंड को प्रभावित किया है, जिससे हजारों घरों की बिजली गुल हो गई है और तटीय इलाकों का संपर्क मुख्य शहरों से कट गया है। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रभावितों को हर संभव मदद का भरोसा देते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
बचाव दल डॉग स्क्वॉड और आधुनिक मलबे हटाने वाले उपकरणों की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। अग्निशमन विभाग के कमांडर विलियम पाइके ने बताया कि शुरुआती घंटों में मलबे के नीचे से कुछ आवाजें सुनाई दी थीं, जिसे देखते हुए खोज अभियान तेज कर दिया गया है। हॉलिडे पार्क का वह हिस्सा, जहाँ शॉवर ब्लॉक और कैंपर वैन खड़ी थीं, पूरी तरह जमींदोज हो चुका है। मेयर माहे ड्राइसडेल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे आखिरी व्यक्ति को बाहर निकालने की है।

