बहरी की जनसभा: सीएम ने सीधी जिले को दी 200 करोड़ से अधिक की सौगात कॉलेज-कोर्ट-सिंचाई सहित कई बड़ी घोषणाएं

सीधी। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी में आयोजित विशाल जनसभा में कहा कि सीधी जिले में विकास के सभी कार्य कराये जायेगें। अब सीधी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेगा। सीधी और सिहावल के लोगों के प्रेम ने मेरा दिल जीत लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिहावल विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी सभी मांगे पूरी की जायेगी। देवसर में पूर्णकालिक अपर कलेक्टर कोर्ट खुलेगा, बहरी में अगले शिक्षा सत्र से महाविद्यालय खुलेगा। सिहावल कालेज में विज्ञान और वाणिज्य संकाय को मंजूरी दी जाती है।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि सीधी और सिहावल मेंरे हदय में बसा हुआ है। आज अपार जनसमूह से जो स्नेह मिल रहा है वह हमेशा याद रहेगा। हम किसानों को हर साल 12 हजार रूपये किसान सम्मान निधि तथा लाडली बहना हितग्राहियों को हर साल 18 हजार रूपये दे रहे हैं। भाई तो बहन को केवल राखी मे उपहार देते हैं हमारी सरकार हर महीने बहनों को 1500 रूपये दे रही है। अब लाडली बहना हितग्राहियों को आर्थिक उन्नति का अवसर देने के लिए उद्योगों में अवसर देगी, जिससे बहनों को हर महीने कम से कम 5 हजार रूपये की आय हो। हमारी सरकार ने अब तक बहनों को लाडली बहना योजना के माध्यम से 50 हजार करोड़ रूपये वितरित किये हैं। प्रदेश में विकास के कार्य तेजी से किये जा रहे हैं। नदी जोड़ो परियोजना से 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। हम पांच साल में एक करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा देंगे। कोदो कुटकी तथा अन्य श्री अन्न का समर्थन मूल्य पर उपार्जन करने के साथ किसानों को बोनस देंगें। गेंहू उपार्जन में भी किसानों को बोनस दिया जायेगा। हम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम और हेलीपेड का निर्माण करायेगें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एयर एम्बुलेंस सेवा से सरकार गरीब रोगियों को बड़े अस्पतालों में पहुंचाने के लिए नि:शुल्क हेलीकाप्टर और हवाई जहाज की सुविधा दे रही है। सडक़ दुर्घटना के पीडि़तों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले को राहवीर योजना से 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। प्रधानमंत्री जी की पहल पर दुर्घटना पीडि़त को शीघ्र ही 1.5 लाख रूपये तक की उपचार सहायता नि:शुल्क मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री का बहरी पहुंचने पर परम्परागत आदिवासी शैला और गुदुम नृत्य से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कार्यक्रम में 201 करोड़ 64 लाख रुपये के 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 68 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 179 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 133 करोड़ 62 लाख रुपये लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव एक बगिया मां के नाम योजना में 505 हितग्राहियों को 11 करोड़ 58 लाख रूपये की राशि से लाभान्वित किया।

मुख्यमंत्री ने की बहरी में कालेज खोलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बहरी के सिविल अस्पताल में उन्नयन तथा ग्राम सरौधा, पोखरा, जुड़वार और हर्राविरान में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जेठुला से खुरमुचा रोड तथा लौआर से बिछरी रोड पर गोपद नदी में पुल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सोनगढ़ रोड में महान नदी पर रपटा बनाने की भी घोषणा की।

भोपाल से सिंगरौली तक विंध्य एक्सप्रेस-वे का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमना सीतापुर लिफ्ट एरिगेशन परियोजना से सिहावल क्षेत्र के गांव में भी सिंचाई के लिए पानी दिया जायेगा। चुरहट से चितरंगी के लिए 2 लेन सडक़ निर्माण किया जायेगा। इसके लिए 129 करोड़ रूपये मंजूर किये जाते है। हमारी सरकार किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी से 31 मार्च तक जनकल्याण अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में अधिकारी शिविर लगाकर शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन पत्र भरवाकर योजनाओं का लाभ देंगे। सीधी जिले में टाईगर रिजर्व तथा कई पर्यटन स्थल हैं शीघ्र ही भोपाल से सिंगरौली तक विंध्य एक्सप्रेस वे का निर्माण होगा। जिसका लाभ सीधी जिले को भी मिलेगा।

सीधी में लगाये जाएं महुआ व कटहल प्रसंस्करण उद्योग: डॉ.राजेश

समारोह में सांसद सीधी डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले में महुआ और कटहल का बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है इनके प्रसंस्करण के उद्योग लगाये जायें। सिंगरौली से सरई ब्यौहारी होते हुए कटनी तक 2 लेन सडक़ का निर्माण किया जाये तथा सीधी में ट्रांसफार्मर डिपो स्थापित किया जाये।

मुख्यमंत्री ने विकास का मार्ग किया प्रशस्त: विश्वामित्र

समारोह में विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आज सिहावल विधानसभा क्षेत्र के लिए बहुत हर्ष का दिन है। मुख्यमंत्री जी ने सिहावल को विकास कार्यों की सौगाते देकर विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। श्री पाठक ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगे रखी।

समारोह में इनकी रही उपस्थिति

समारोह में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक देवसर राजेन्द्र मेश्राम, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, पूर्व विधायक चुरहट शरदेन्दु तिवारी, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश, पार्टी पदाधिकारी राजेश पाण्डेय, कांतदेव सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान, अजय पाठक तथा हजारो आमजन उपस्थित रहें। समारोह में रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस.जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, एएसपी अरविन्द श्रीवास्तव सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

बाघिन ने शवकों के साथ तामिया रेंज में डाला डेरा

Fri Jan 9 , 2026
छिंदवाड़ा। वन विभाग इन दिनों वन्यप्राणियों की गणना का कार्य कर रहा है। यह कार्य रोजाना ही अल सुबह से शुरू हो जाता है। जहां वनकर्मी कई किलोमीटर दूर तक चल वन्यप्राणियों के साक्ष्य एकत्र करते है । शुक्रवार के दिन भी वन अमला तामिया के सतपुड़ा के घने जंगलों […]

You May Like