मुंबई, 17 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से गुरुवार को रुपया एक पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.90 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा तीन पैसे टूटकर 95.91 रुपये पर बंद हुई थी।
रुपया आज तीन पैसे की मजबूती के साथ 95.88 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में इसमें काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 95.79 रुपये और नीचे 96.10 रुपये प्रति डॉलर तक गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा आज करीब ढाई फीसदी लुढ़ककर 103 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रह गया। इससे रुपये को समर्थन मिला।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.15 प्रतिशत टूटने का भी रुपये की मजबूती में योगदान रहा। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार से 42.41 करोड़ डॉलर निकालने से रुपये की बढ़त सीमित रही।
