सतना : जिले के उचेहरा क्षेत्र में पिछले 5 दिन से लापता बुजुर्ग का शव जंगल में पेड़ पर पाया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार उचेहरा तहसील अंतर्गत तिघरा पाठा पंचायत के मोहन्ना गांव के निवासी छोटेलाल दहायत उम्र 70 वर्ष 16 मई से लापता थे. परिजनों के अनुसार वे 16 मई की सुबह 8 बजे लकड़ी लेने के लिए घर से निकले थे. लेकिन काफी समय बाद भी जब वे वापस लौट कर नहीं आए तो परिजनों द्वारा खोजबीन शुरु की गई.
चूंकि वे उक्सर लकड़ी लेने के लिए भाकुल बाबा मंदिर के निकट जंगल के प्लांटेशन क्षेत्र की ओर जाया करते थे. लिहाजा परिजनों ने वहां जाकर उनकी तलाश की. लेकिन कहीं कोई पता नहीं चलने पर थाने में शिकायत की गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर तलाश की ही जा रही थी कि गुरुवार को उनका शव मिलने की जानकारी सामने आ गई. लापता बुजुर्ग का शव भाकुल बाबा के निकट कमरो नाला क्षेत्र में एक पेड़ पर मिली. शव की हातल देखने पर संभावना जताई गई कि संभवत: किसी वे किसी वन्य प्राणी का शिकार बन गए. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
