देवसर: सजहर स्थित खाखन पुल टूटने के बाद प्रभावित आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए जियावन थाना पुलिस लगातार मौके पर डटी हुई है। इसी दौरान भारी बारिश के बीच ड्यूटी करते पुलिसकर्मियों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसकी लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वायरल तस्वीर में जियावन थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह और प्रधान आरक्षक प्रतीक कुमार भारी बारिश के बीच एक ही छतरी के नीचे खड़े होकर मौके की व्यवस्था संभालते नजर आ रहे हैं। वहीं, प्रधान आरक्षक प्रतीक कुमार नंगे पांव भी मौके पर ड्यूटी करते दिखाई दे रहे हैं।
बारिश की लगातार होती बौछारों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों द्वारा मौके पर मौजूद रहकर यातायात एवं आवागमन की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया गया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और विपरीत परिस्थितियों में ड्यूटी करने की तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
लोग कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना
तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जियावन थाना पुलिस के इन जवानों की कर्तव्य के प्रति निष्ठा, समर्पण और विपरीत मौसम में ड्यूटी करने के लिए जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश और कठिन परिस्थितियों के बीच भी पुलिसकर्मी जिस तरह मौके पर डटे रहे, वह उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
