अशोकनगर: जिले में लगातार डीएपी खाद की किल्लत ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। यह नाराजगी हिंसक रूप लेने लगी है, मंडी स्थित एपीपी स्टेट ऑफिस गोदाम पर टोकन वितरण के दौरान किसानों ने हंगामा करते हुए पथराव कर दिया। घटना में दफ्तर के कर्मचारियों और कोटवार को चोटें आईं, वहीं गोदाम की खिड़कियों के शीशे और दरवाजा टूट गए।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर में खाद के टोकन के लिए पहुंचे थे। भीड़ और धक्कामुक्की के बीच एक किसान बेहोश होकर गिर पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बढ़ती गर्मी और अव्यवस्थित वितरण से गुस्साए किसानों ने पथराव शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार भारतेंद्र यादव और कोतवाली थाना प्रभारी ने समझाइश देकर हालात काबू में किए।
हंगामे के बाद नाराज किसानों ने चक्काजाम कर दिया, जिसे पुलिस और प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। पुलिस ने एक व्यक्ति को किसानों को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।इस घटना के बाद कृषि विभाग ने एपीपी स्टेट ऑफिस और सरकारी गोदामों से टोकन वितरण तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। अब समितियों के माध्यम से खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
