जबलपुर: शहर के एक ट्रांसपोर्टर कारोबारी को ट्रक ड्राइवर ने चूना लगा दिया। साजिश रचते हुए ट्रक को पाटन बगदरी घाटी के पास पलटा दिया और 7 लाख का 13 टन लोहा खुर्दबुर्द कर फरार हो गया। पाटन पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक जुझोतिया पिता बाबूलाल जुझोतिया 42 वर्ष निवासी शिवनगर, दमोह नाका ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। 25-26 अप्रैल को पूर्व के परिचित ग्राहक शैलेन्द्र जैन ने फोन कर बताया कि करीब 25 टन माल लोहे के पाइप अभिलाषा कंपनी के तन्नू ट्रेडर्स, रायपुर छत्तीसगढ़ से आना है, जिसकी बिलिंग उसके परिचित बाबी इन्टरप्रायजेज, पुरानी सब्जी मंडी, कैलारस, मुरैना के नाम पर है।
इस माल को मनीष जैन को बेचना है। गाडी रायपुर छत्तीसगढ़, तन्त्रू ट्रेडर्स के यहां भिजवा दो और उक्त माल लोहे के पाइप करीबन 25 टन अभिलाषा कंपनी के तनू ट्रेडर्स, रायपुर के यहां से लोड करवाकर उस माल की डिलेवरी रहली निवासी मनीष जैन के यहां करवा दो। ट्रांसपोर्टेशन का चार्ज दे दूंगा। इसके बाद उसने रायपुर की ट्रांसपोर्ट कंपनी बग्धा रोड लाइंस में अवतार सिंह बग्घा से फोन पर संपर्क कर उनसे रायपुर से माल लोड करवाने के लिए ट्रक भेजने का आर्डर दिया। 4 मई 2025 को ट्रक में तन्न ट्रेडर्स रायपुर के यहां से उक्त 25 टन माल लोहे के पाइप अभिलाषा कंपनी के लोड हो चुके थे।
लोड होने के बाद ट्रक ड्रायवर अभिराज तन्नू ट्रेडर्स रायपुर पहुंचा। इसके बाद ट्रक लेकर रायपुर से निकले। पांच अप्रैल को वह मंगली बार्डर (मप्र-छग बार्डर) पर पहुंचे तब ट्रक ड्रायवर अभिराज और ट्रक क्लीनर से फोन पर बात हुई तो उन्होंने बताया कि वे मंगली बार्डर पर हैं, उसके बाद से लगातार ट्रक ड्रायवर अभिराज के मोबाइल नंबर पर फोन किया लेकिन ट्रक ड्रायवर ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद फोन बंद आने लगा। 7 मई को शाम के समय ट्रक मालिक रोहित पटेल ने फोन करके बताया कि ट्रक पाटन बगदरी घाटी के पास पलटा हुआ है, ट्रक में लोड पाइप बिखरे पड़े हैं, ड्रायवर अभिराज भी यहां नहीं है, उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।
तब हम लोग भी बगदरी घाटी के पास पहुंचे, वहां पहुंचकर देखा कि ट्रक जिसमें 25 टन लोहे का पाइप माल लोड था, वह बगदरी घाटी के पास पलटा हुआ है। मौके पर ट्रक ड्रायवर क्लीनर नहीं मिले।माल को रहली निवासी मनीष जैन के यहां सही सलामत पहुंचाने की जबाबदारी ट्रक क्रमांक एमएच 12एचडी 1820 के ड्रायवर अभिराज ठाकुर की थी, उक्त माल पहुंचाने के लिए रोहित पटेल का ट्रक बुक किया था, किंतु ट्रक ड्रायवर अभिराज ठाकुर ने 13 टन (13,000 कि.ग्रा.) लोहे के पाइप अभिलाषा कंपनी को रास्ते में कहीं खुर्द बुर्द कर दिया है और जानबूझकर अपने ट्रक पाटन बगदरी घाटी के पास पलटा दिया जिससे किसी को शक न हो। अभिराज ठाकुर ने 13 टन लोहे के पाइप कीमती करीबन 7 लाख रूपए के माल का गबन कर दिया है।
