
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम झांझ में सोमवार सुबह शिव मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की ऑटो के मोड़ में अनियंत्रित होकर पलटने से 13 लोग घायल हो गए।हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन भिजवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार झांझ गांव से आज सुबह श्रद्वालु आटो में सवार होकर सावन महीने के अंतिम सोमवार पर आज रीवा जिले के शिव मंदिर जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। कुछ आगे आते ही ग्राम सजहा के पास एक तीखे मोड़ पर ऑटो असंतुलित होकर पलट गई, जिससे ऑटो में सवार 13 लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक सड़क हादसा के बाद 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। घायलों में आटो चालक शंकर केवट 31 वर्ष, जगनंदन गोंड 46 वर्ष, संतोष गोंड 36 वर्ष, शिवपूजन सिंह 27 वर्ष, राजबहोर सिंह 32 वर्ष, विजय सिंह 24 वर्ष, सावित्री सिंह 65 वर्ष, रति सिंह 41 वर्ष, राधा सिंह 29 वर्ष, प्रशांत सिंह 9 वर्ष सहित अन्य शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ. प्रेरणा त्रिपाठी ने बताया सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर एक्स-रे एवं अन्य जांचें की गई हैं, सभी की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी होने के कारण असंतुलन हुआ। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है।
