
रीवा। रीवा के तराई आंचल में स्थित जंगल के बीच टुकड़ों में लाश मिलने से हडक़ंप मच गया है. यह लाश एक बोरे में बंद पाई गई है, जो पूरी तरह से कंकाल में तब्दील हो चुकी है. यहां लाश मिलने की जानकारी जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहो ने पुलिस की दी है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पुलिस ने शव किसी महिला का होने की आशंका जताई है.
दरअसल यह सनसनीखेज मामला रीवा के डभौरा थाना क्षेत्र स्थित अकौरी जंगल का है. चरवाहों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस ने जंगल में पहुंचकर जब बंद बोरे को खुलवाकर देखा तो उसमें मानव शरीर की हड्डियां मिली है, जिसमें सर दो टुकड़ों में मिला है जबकि पसली वा हाथ के अन्य टुकड़े भी उसमें मौजूद थे. पुलिस को बोरे में एक लेडीज लैगी, टूटी हुई चूडिय़ां और बड़े बाल भी मिले हैं जिससे संभावना जताई जा रही है कि कंकाल किसी महिला का है. इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि पहले अज्ञात महिला की हत्या की गई और बाद में शव को चादर में लपेटकर उसे बोरे में भर दिया गया और सूनसान जंगल में लाकर ठिकाने लगाया गया. हालांकि घटनास्थल में महिला की पहचान से जुड़े कोई भी दस्तावेज नहीं मिले हैं, पुलिस ने समीपस्त गांव में किसी लापता महिला के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया है,लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. जंगल में मिला यह शव करीब 5 माह पुराना बताया जा रहा है, जिसमें आरोपियों द्वारा हत्या के बाद लाश को बोरे में बंद कर दिया गया था. बता दे की यह इलाका यूपी की सीमा से भी सटा हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला यूपी की हो सकती है, और वहां उसकी हत्या कर शव को एमपी की सीमा में लाकर फेंका गया है. फिलहाल पुलिस ने कंकाल में तब्दील हो चुके शव को जप्त कर लिया है, और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. पुलिस का मानना है कि पीएम रिपोर्ट के मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा, तो वही मृतक की शिनाख्तगी के भी प्रयास किया जा रहे हैं.
