
परासिया। नगरीय प्रशासन विभाग, जबलपुर से आए संयुक्त संचालक परमेश जनोटे ने शुक्रवार को परासिया, चांदामेटा और न्यूटन में अमृत 1 एवं अमृत 2 के तहत हुए निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यपालन यांत्रिकी सुरेश डेहरिया, नगर पालिका परिषद परासिया अध्यक्ष विनोद मालवीय सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 12 में कायाकल्प योजना-2 के तहत बनी सड़क को घटिया गुणवत्ता का पाया गया, जिस पर संयुक्त संचालक ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए पुनः निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत बने बस स्टैंड परिसर का भी जायजा लिया गया।
लगभग 50 लाख की लागत से तहसील व नगर पालिका कार्यालय के पास बन रहे सार्वजनिक शौचालय में ईंटों की जुड़ाई रेत की जगह डस्ट से किए जाने पर ठेकेदार को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
टीम ने मोक्षधाम निर्माण, वार्ड क्रमांक 10 और 11 में नाला निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तकनीकी टीम ने न्यूटन व चांदामेटा क्षेत्र में चल रहे शासकीय योजनाओं के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। विदित हो की नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय ने बीते दिनों सयुक्त संचालक परमेश जनोटे से मिलकर नगर पालिका परिषद परासिया में संचालित निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।अधिकारियों के दौरे को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सभी नगरपालिकाओं के तकनीकी विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
