सीहोर। जिले के इछावर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक से मारपीट कर सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है. दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने युवक को रास्ते में रोककर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीडि़त युवक ने इछावर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार यह घटना इछावर थाना क्षेत्र के ढाबला सेमली गांव जाने वाली सड़क पर हुई. आयुष नाम का युवक, जो एक कृषि दवाई कंपनी में काम करता है, सीहोर से इछावर होते हुए सेमली गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और उसके गले में पहनी सोने की चेन छीन ली. अचानक हुई इस घटना से युवक घबरा गया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. घटना के बाद पीडि़त युवक ने किसी तरह खुद को संभाला और इछावर थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने युवक की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
