
मन्दसौर। बीकाम. बैंकिंग फाइनेंस सर्विस एंड इंश्योरेंस (बीएफएसआई) के विद्यार्थियों द्वारा माननीय राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन राजीव गांधी पी.जी. कॉलेज मंदसौर के प्राचार्य प्रतिनिधि प्रोफेसर डी.सी. गुप्ता सर को दिया गया।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने बताया है कि शासन से मान्यता प्राप्त एन.ई.पी. के तहत बी.काम. बीएफएसआई कोर्स 2025-26 में लागू हुआ है। उक्त विषय को दो साल से संचालित किया जा रहा है, किन्तु आज दिनांक तक हमारी कोई भी क्लास नहीं लगाई गई है, जिससे हमें अपने भविष्य की चिंता होने लगी है।
साथ ही, हमारी प्रथम वर्ष की परीक्षा निर्धारित समय से भी विलंब से हुई है, जिसका अभी तक कोई परिणाम प्राप्त नहीं हुआ है। द्वितीय वर्ष की क्लासें भी आज दिनांक तक संचालित नहीं की जा रही हैं, जिससे हम छात्रों का भविष्य अंधकार में डूबा हुआ है। कॉलेज प्रशासन द्वारा भी हमें कोई संतुष्टि पूर्वक जवाब नहीं दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों ने मांग की कि कॉलेज में उनकी नियमित कक्षाएं संचालित हो तथा प्रथम वर्ष का परिणाम जल्द घोषित किया जाए।
उक्त ज्ञापन देते समय विद्यार्थी केशव पालीवाल, विशाल धाकड़, गौरव बारोद, वेदिका सेठिया, यश जैन, अयान, मयंक मोटवानी, वेदांश, शिवम, कृष्णा बोहरा सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित थे।
