पीसीबी के अध्यक्ष और एसीसी के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से भारतीय टीम ने ट्र्रॉफी लेने से मना कर दिया।
एशिया कप चैम्पियन भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से विजेता की ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीता है। भारतीय टीम एशिया कप विजेता की ट्रॉफी अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष खालिद अल जरूनी से लेगी।
नकवी पुरस्कार वितरण समारोह शुरू होने से पहले एक तरफ खड़े थे और भारतीय खिलाड़ी 15 गज के भीतर खड़े थे। उन्होंने अपनी जगहों से हटने से इनकार कर दिया और समारोह में विलंब होता जा रहा है। समझा जाता है कि भारतीय टीम प्रबंधन ने पूछा कि विजेता की ट्रॉफी कौन देगा और एसीसी में आपस में बातचीत शुरू हो गई क्योंकि उन्हें पता है कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी लेना पसंद नहीं करेगी ।
नकवी के मंच पर आने के बाद दर्शकों से भारतीय प्रशंसकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिये। नकवी जैसे ही मंच पर आये, उन्हें बताया गया कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी नहीं लेगी और वह जबर्दस्ती करेंगे तो आधिकारिक विरोध दर्ज किया जायेगा। नकवी इंतजार करते रहे और अचानक आयोजकों में से कोई ट्रॉफी ड्रेसिंग रूम के भीतर ले गया।
