
छिंदवाडा। कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा में किन्नर का रूप धारण कर ट्रकों को रोककर चालकों से रुपये मांगने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में करीब चार से पांच युवक किन्नर की वेशभूषा में सड़क पर नजर आ रहे हैं। वे ट्रकों को रोककर चालकों से रुपये लेते अथवा मांगते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक के हाथ में 500 रुपये का नोट भी नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय से इस क्षेत्र में इसी तरह युवकों के ट्रकों को रोकने की चर्चा सामने आ रही थी। अब घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। बताया जा रहा है कि युवक ट्रक चालकों को रोकने के बाद किन्नरों की तरह व्यवहार करते हैं और रुपये देने के लिए दबाव बनाते हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।
आसपास के लोगों ने भी देखी गतिविधियां
स्थानीय लोगों का कहना है कि इमलीखेड़ा क्षेत्र में सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोककर रुपये मांगने की गतिविधियां उनके सामने भी हुई हैं। लोगों के मुताबिक, वेशभूषा बदलकर सड़क पर खड़े रहने के कारण कई वाहन चालक असहज स्थिति में आ जाते हैं।
यह भी चर्चा है कि वीडियो में नजर आ रहे कुछ युवक पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस द्वारा वीडियो की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस मामले में एसपी अजय पांडे का कहना है कि वीडियो के आधार पर जांच की जाएगी जांच में जो युवक दोषी पाए जाएंगे उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी
