भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने सूबेदार एवं उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के लिए शारीरिक प्रवीणता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी हैं। 500 पदों के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा 29 अप्रैल 2026 तक भोपाल, जबलपुर, सागर और सीधी सहित चार शहरों में आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम 18 मई को मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किए गए थे।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 5 जून से 11 जून 2026 तक भोपाल के लाल परेड ग्राउंड, जहांगीराबाद तथा जबलपुर के 6वीं वाहिनी, एसएएफ, रांझी स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित होगी।
मंडल ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे आधिकारिक पोर्टल से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर निर्धारित तिथि एवं केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र या तिथि में किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रक्रिया के दौरान आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन तथा मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
