
पिपलियामण्डी। क्षेत्र के ग्राम बोतलगंज में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई, इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पिपलियामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ग्राम बोतलगंज स्थित हरीश पाटीदार के खेत में नीम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ देखा गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दीपकसिंह (23) पिता गणपतसिंह राजपूत, निवासी उगरान, जिला नीमच के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक गांव बोतलगंज तक कैसे पहुंचा और आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
