
भिंड। लहार थाना क्षेत्र के मसेरन मोड़ मुख्य मार्ग पर हुई गायों को कुचलने की घटना को लेकर गौरक्षक टीम लहार ने एसडीएम लहार के नाम आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषी चालक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
आवेदन में गौरक्षक टीम ने आरोप लगाया कि 108 एंबुलेंस चालक द्वारा तेज एवं अनियंत्रित गति से वाहन चलाए जाने के कारण सड़क किनारे बैठी एवं चल रही गायें वाहन की चपेट में आ गईं। हादसा इतना दर्दनाक था कि कई गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गाय गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न अवस्था में पहुंच गईं। गौरक्षकों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी एंबुलेंस चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वाहन चालकों की लापरवाही पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
