
इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र के झलारिया गांव में सोमवार रात एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या के बाद अपने दोनों बच्चों को हिंगोनिया गांव के पास तालाब में फेंक दिया. 8 साल का बेटा अजय तालाब से बाहर निकल आया और पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. रातभर चले तलाशी अभियान में 10 साल की बेटी माही का शव तालाब से बरामद किया.
ड्रायवरी का काम करने वाला 37 वर्षीय आरोपी सुनील पिता रामावतार चौहान झलारिया गांव में 32 वर्षीय पत्नी अनीता बाई तथा दोनों बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था. पुलिस की प्रारंभिक जांच में अनीता के अन्य लोगों से बातचीत करने को लेकर पति-पत्नी के बीच कलह की बात सामने आई है. घटना के बाद पूछताछ में सुनील ने पत्नी पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अनीता का शव बरामद किया. महिला के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं और प्रारंभिक जांच में गला घोंटने की बात भी सामने आई है. इसके बाद सुनील दोनों बच्चों माही और अजय को लेकर हिंगोनिया गांव के पास तालाब पहुंचा और दोनों को पानी में फेंक दिया. अजय किसी तरह तालाब से बाहर निकल आया. इसी दौरान वहां से गुजर रही कनाड़िया एफआरवी टीम को उसने घटनाक्रम की जानकारी दी. बच्चे से मिली सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी सुनील को झलारिया गांव से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बच्चों को तालाब में फेंकने की जानकारी भी दी. इसके बाद एसडीईआरएफ टीम को बुलाकर तालाब में तलाशी अभियान चलाया. पूरी रात चले अभियान में माही का शव तालाब से बरामद किया. प्रारंभिक जांच में माही की मौत गहरे पानी में डूबने से होना प्रतीत हो रही है. दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि आरोपी सुनील घटना के बाद रात में भागने की तैयारी में था. पुलिस टीम उसके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला. उसे पकड़ने के लिए टीम बनाई गई. तलाश के दौरान वह इलाके में घूमता मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे पहचानकर पकड़ लिया.
घटना की सूचना मृतका और बच्ची के परिजनों को दे दी है.
पूरी रात चले तलाशी अभियान के दौरान एसीपी खजराना आशीष पटेल, कनाड़िया थाना प्रभारी सहर्ष यादव और पुलिस टीम के साथ एफएसएल तथा एसडीईआरएफ की टीम मौके पर मौजूद रही. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
थाना प्रभारी यादव ने बताया कि सुनील का परिवार मूल रूप से देवास जिले के कांटाफोड़ का रहने वाला है और करीब 17-18 साल से इंदौर में रह रहा है. उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य बापू गांधी नगर, लसूड़िया में रहते हैं. कुछ समय पहले सुनील पत्नी और बच्चों के साथ बापू गांधी नगर से झलारिया में किराए के मकान में रहने आया था. अनीता भी कांटाफोड़ की रहने वाली थी.
मामले की जांच जारी : अमरेंद्र सिंह
मामले में एडिशनल डीसीपी जोन 2, अमरेन्द्र सिंह का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में पत्नी पर हमला करने और दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने की बात सामने आई है. बेटे की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. एसडीईआरएफ की मदद से बच्ची का शव भी बरामद कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है.
