ऋषभ पंत व रवि बिश्नोई ने जम कर खेली होली

लखनऊ, 15 मार्च (वार्ता) लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने होली का त्योहार इस बार खास देसी अंदाज में मनाया। न केवल एक दूसरे को रंग व गुलाल लगाया, बल्कि फिल्मी गानों पर डांस करके जमकर मस्ती की।

मुख्य कोच जस्टिन लैंगर व सहायक कोच लांस क्लूजनर तो इन गानों पर देर तक थिरकते रहे। कप्तान ऋषभ पंत, स्पिनर रवि बिश्नोई ने साथियों को पकड़ पकड़ कर रंगों में सराबोर कर दिया। मेंटर जहीर खान और सहायक कोच विजय दहिया ने भी पिचकारी से रंगों की बौछार की और खूब गुलाल उड़ाया।

टीम होटल में होली खेलने की शुरुआत दोपहर 12 बजे हुई। क्रिकेटरों के उल्लास को बढ़ाने के लिए डीजे और ढोल नगाड़ों का इंतजाम पहले ही कर लिया गया था। खिलाड़ियों ने पहले सादगी से एक दूसरे को गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं, लेकिन जैसे ही टीम के कप्तान ऋषभ पंत और रवि बिश्नोई आए तो उन्होंने होली की मस्ती को चौगुना कर दिया।

टीम के सभी साथियों को पकड़कर जमकर रंग व गुलाल लगाया। आयुष बडोनी, अर्शीन कुलकर्णी, हिम्मत सिंह, आकाश सिंह, शमर जोसेफ, आर्यन जुयाल, दिग्वेश सिंह, युवराज चौधरी समेत सभी खिलाड़ी रंग में डूबे नजर आए।

खुशी के इस अवसर पर टीम के भीतर मजबूत बंधन और आगामी सीजन के लिए उच्च उत्साह का संचार हुआ। यही नहीं होली खेलने के साथ ही सुपर जायंट्स ने लजीज पकवानों के साथ गुजिया, जलेबी का भी स्वाद लिया। टीम के सीओओ विनय चोपड़ा ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।

Next Post

इंडियन वेल्स के फाइनल में एंड्रीवा का सामना सबालेंका से

Sat Mar 15 , 2025
कैलिफोर्निया, 15 मार्च (वार्ता) उभरती हुई रूसी स्टार मीरा एंड्रीवा 2001 के बाद से इंडियन वेल्स में महिला फाइनल में पहुंचने वाली पहली 17 वर्षीय खिलाड़ी बन गईं, उन्होंने पिछले मैच में गत चैंपियन इगा स्वियाटेक को हराया। उन्होंने फरवरी में दुबई में क्वार्टर फाइनल चरण में इगा को हराकर […]

You May Like