
बनखेड़ी। बनखेड़ी पुलिस ने क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ग्राम ठैनी में ओल नदी से मिले युवक की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई थी। मृतक का मुख्य आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध था, जिससे नाराज होकर पति ने अपने ससुराल पक्ष और साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला
04 जनवरी 2026 (रविवार) को थाना बनखेड़ी प्रभारी विजय सनस को सूचना मिली कि ग्राम ठैनी स्थित रामदेव शुगर मिल के पीछे बहने वाली ओल नदी में एक अज्ञात शव तैर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। शव करीब 6–7 दिन पुराना था और बुरी तरह गल चुका था। मृतक की उम्र लगभग 20–25 वर्ष आंकी गई तथा उसके हाथ पर ‘ॐ’ का गोदना बना हुआ था।
गुमशुदगी रिपोर्ट से हुई पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्रा एवं एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और गुमशुदगी रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि 28 दिसंबर 2025 से सेवक उर्फ शिब्बु उर्फ शिवा कहार (23 वर्ष), निवासी ग्राम जुन्हेटा, लापता था, जिसकी गुमशुदगी थाना सांईखेड़ा (नरसिंहपुर) में दर्ज थी।
मृतक के भाई श्यामू कहार ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान अपने भाई सेवक कहार के रूप में की।
हत्या की वजह: अवैध संबंध और बदले की भावना
पुलिस विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रीतम कहार की पत्नी के मृतक सेवक कहार से प्रेम संबंध थे। महिला पहले भी मृतक के साथ कई बार घर से भाग चुकी थी। 25 दिसंबर 2025 को वह एक बार फिर सेवक के साथ चली गई थी।
इसी बात से आक्रोशित होकर प्रीतम कहार अपने ससुराल पक्ष और दोस्तों के साथ उनकी तलाश में ग्राम निमवार (नरसिंहपुर) पहुंचा, जहां उसकी पत्नी और मृतक मिल गए। सभी उन्हें वापस ला रहे थे, तभी रास्ते में विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने ग्राम ठैनी के पास ओल नदी किनारे सेवक की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी शंकर कहार फरार है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो जीप (क्रमांक MP06 BA 0898) एवं 7 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रीतम कहार (मुख्य आरोपी) – निवासी ठेंगावानी, हाल निवासी नयाखेड़ा, बनखेड़ी
अभिषेक मेहरा – निवासी खेरुआ, थाना गाडरवारा
लक्ष्मण प्रसाद ठाकुर – निवासी खेरुआ, थाना गाडरवारा
दुर्गेश यादव – निवासी खेरुआ, थाना गाडरवारा
ऋषि मेहरा – निवासी खेरुआ, थाना गाडरवारा
सुनील मेहरा – निवासी राजथरी, बनखेड़ी
राकेश बैरागी – निवासी बाचावानी, बनखेड़ी
सरिता कहार (प्रीतम की सास) – निवासी ठैनी, बनखेड़ी
सरोज यादव – निवासी बनखेड़ी
फरार आरोपी: शंकर कहार
टीम की सराहनीय भूमिका
अंधे कत्ल के खुलासे में थाना प्रभारी विजय सनस, उप निरीक्षक मनमोहन ठाकुर, उप निरीक्षक परसराम मालवीय, सहायक उप निरीक्षक अरविंद राजपूत, प्रधान आरक्षक दिलीप चौरे, आरक्षक अभिषेक सोनी, निधि तंगुरिया एवं वंदना उइके सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
