भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए विभिन्न जिलों में संयुक्त कार्रवाई कर 1.49 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध नशीले पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री में गांजा, स्मैक, एमडी ड्रग्स, डोडा चूरा, नशीली कफ सिरप और इंजेक्शन शामिल हैं।
इंदौर में पुलिस ने पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर एमडी ड्रग्स, अवैध हथियार और करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं सीधी जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत पुलिस ने नशीली कफ सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 900 से अधिक ऑनरेक्स सिरप की बोतलें और वाहन जब्त किए।
मऊगंज, अनूपपुर, शिवपुरी, श्योपुर और गुना जिलों में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा और स्मैक बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा भोपाल जीआरपी और जबलपुर क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग कार्रवाई में गांजा, नशीले इंजेक्शन और नकदी बरामद की। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना डायल-112 या नजदीकी थाने को देने की अपील की है।
