
छिंदवाड़ा-आबकारी विभाग के जामई वृत्त के अमले ने जूनाढाना में दबिश देकर तीन प्रकरण कायम किए। इस कार्यवाही के दौरान पंद्रह सौ किलो महुआ लाहन और तीस लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई। कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में सोमवार की दोपहर जामई वृत्त के आबकारी अमले ने जूनाढाना की पहाड़ियों और जंगल में सघन जांच अभियान छेड़ा। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर एक सिंटेक्स टंकी, पाँच बड़े ड्रम और एक छोटे ड्रम में रखा गया लगभग पंद्रह सौ किलो महुआ लाहन और तीस लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद हुई। उक्त लाहन को विधिवत नष्ट कर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। जबकि एक आरोपी के कब्जे से हाथ भट्टी शराब जप्त कर मामला कायम किया गया। इस कार्यवाही के दौरान वृत्त प्रभारी नरेन्द्र नागेश, आरक्षक सचिन श्रीवास्तव और अमृता साहू उपस्थित थे।
