सतना : ट्रेन में यात्रा कर रही महिला को प्रसव पीड़ा शुरु होने पर सहयात्री आगे आए और उपलब्ध संसाधनों के बीच प्रसव करा दिया. सतना पहुंचने पर जच्चा-बच्चा दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पर उन्हें स्वस्थ्य बताया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला राज कुमारी अपने पति ज्ञानेश कुमार के साथ ट्रेन कमांक 22947 में गुजरात के उधना से बिहार के भागलपुर की यात्रा कर रही थीं.
ट्रेन जैसे ही मैहर से आगे बढ़ी तो स्लीपर कोच में सवार महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरु हो गई. जिसे देखते हुए आस पास मौजूद महिला यात्री सहायता के लिए आगे आईं. महिला सहयात्रियों ने सबसे पहले पर्दे से आड़ बनाकर प्रसव पीडि़ता को ठीक से लेटाया. जिसके बाद वहां पर उनलब्ध संसाधनों के जरिए ही प्रसव करा दिया गया. वहीं घटना की जानकारी कंट्रोल रुम के जरिए जीआरपी और आरपीएफ सतना तक पहुंच गई.
रविवार की सुबह लगभग 4 बजे जैसे ही ट्रेन सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्र. 2 पर पहुंची वैसे ही वहां पर पहले से तैयार अमले ने जच्चा-बच्चा को नीचे उतारा. पहले से तैयार खड़ी एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार शुरु हुआ. अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ्य पाए गए.
