
इंदौर. चंदन नगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ और उसका पीछा करने का मामला सामने आया है. शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़िता के पिता को जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी दीपक कुमावत और रोशन कुमावत के खिलाफ केस दर्ज किया है. मुख्य आरोपी दीपक लंबे समय से नाबालिग का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था और जबरन बातचीत करने का प्रयास करता था. आरोप है कि आरोपी मोहल्ले की अन्य नाबालिग बच्चियों के साथ भी छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता था. हाल ही में दोनों आरोपियों ने घर के बाहर पानी भरने के दौरान बच्ची को रोककर गाली-गलौज की. डरी हुई बच्ची ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. इसके बाद जब पिता आरोपियों को समझाने पहुंचे तो उन्होंने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
