कुएं में उतराता मिला लापता बालक का शव

सतना : सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी ग्राम से 3 दिन पहले लापता हुए बालक का शव कुएं में उतराता नजर आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृत बालक के परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज जांच शुरु कर दी गई है.जिले के रामपुर चौरासी गांव में मंगलवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के निकट स्थित एक कुएं में एक बालक का शव उतराता नजर आया. स्थानीय रहवासियों ने फौरन ही घटना की जानकारी पुलिस को दे दी.

जिसके आधार पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस द्वारा कुएं से बालक के शव को बाहर निकलवाया गया और उसकी पहचान करने के प्रयास शुरु किए गए. कुछ देर बाद मृतक बालक की पहचान गांधी ग्राम निवासी 11 वर्षीय राजन वर्मा उर्फ नन्हें के तौर पर हुई. मौके पर पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया. इसी कड़ी में घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय रहवासियों समेत आस पास के सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया. वहीं पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में भेज दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
वैवाहिक आयोजन से हुआ गायब
परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजन 22 नवंबर को वैवाहिक आयोजन में सम्मिलित होने के लिए गया था. रात में आयोजन के दौरान ही वह अचानक लापता हो गया था. जिसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे. परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि बालक स्वयं कुएं में नहीं गिर सकता. किसी ने उसकी हत्या कर कुएं में फेंका है. पुलिस के अनुसार विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या, हादसा अथवा हत्या का है. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

Next Post

केंद्रीय जेल में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव

Wed Nov 26 , 2025
सतना:राज्य शासन व जेल मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जेल अधीक्षक श्रीमती लीना कोष्टा के मार्गदर्शन में केन्द्रीय जेल सतना में अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गीता पाठ के साथ- साथ इस्कॉन मंदिर सतना के भागवत दास द्वारा गीता सार बतलाया तथा कृष्ण भजन का […]

You May Like