संयुक्त राष्ट्र, 02 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रोसी ने कहा है कि आईएईए से जुड़े तकनीकी मुद्दों पर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ विस्तृत बातचीत होती है और यह बातचीत बहुत ही पेशेवर स्तर पर की जाती है। श्री ग्रोसी ने संवाद समिति रिया नोवोस्ती से एक साक्षात्कार के दौरान यह बात कही।
श्री ग्रोसी और श्री लावरोव की मुलाकात सितंबर के आखिर में 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई। बातचीत के मुख्य विषयों में से एक ज़ापोरिज्जिया परमाणु उर्जा संयंत्र के आस-पास के हालात थे, जहां आईएईए के विशेषज्ञ परमाणु सुरक्षा पर काम करते हैं।
श्री ग्रॉसी ने साक्षात्कार में कहा, “हम एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। उनके साथ बातचीत हमेशा बहुत गहरी, बहुत तकनीकी एवं बहुत पेशेवर होती है और इस बार भी ऐसा ही हुआ।”
श्री ग्रोसी ने बताया कि न्यूयॉर्क में हुई बैठक में ज़ापोरिज्जिया उर्जा संयंत्र के हालात और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के कामकाज पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सीरिया के साथ आईएईए के सहयोग और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी बातचीत हुई।

