वॉशिंगटन/तेहरान, 10 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार शाम ईरान को चेतावनी दी कि वह हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों से ‘शुल्क वसूलने की गलती नहीं करे । यह चेतावनी तब आयी है, जब इससे पहले ट्रम्प खुद यहां से टोल वसूलने का इरादा जता चुके हैं। श्री ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “ऐसी रिपोर्टें हैं कि ईरान हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है। बेहतर होगा कि वे ऐसा न करें। अगर ऐसा कर रहे हैं तो इसे अभी बंद कर दें!” उनकी यह टिप्पणी सोमवार को पत्रकारों के साथ हुई पिछली ब्रीफिंग के बाद आयी है। इसमें उन्होंने खुद हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए अमेरिका के टोल वसूलने में शामिल होने का विचार पेश किया था।
श्री ट्रंप ने कहा था, “हमारे पास एक विचार है, जहां हम टोल वसूलेंगे।” एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, “ईरान हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल ले जाने की अनुमति देने के मामले में बहुत खराब प्रदर्शन कर रहा है, कुछ लोग इसे अपमानजनक भी कहेंगे। हमारा यह समझौता नहीं हुआ है!” मैरीटाइम इंटेलिजेंस कंपनी ‘लॉयड्स लिस्ट’ के विश्लेषकों के अनुसार, युद्ध के दौरान ईरान अपने तट से कुछ मील दूर स्थित लारक द्वीप का उपयोग टैंकरों के लिए टोलिंग स्टॉप के रूप में कर रहा था। वहीं, इस मामले पर ईरान का अपना रुख भी जलडमरूमध्य से रास्ता चाहने वाले जहाजों से शुल्क वसूलने का रहा है। ‘मैरीन ट्रैफिक’ के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को संघर्ष विराम की घोषणा के बाद से कम से कम 22 जहाज इस जलडमरूमध्य से गुजरे हैं। वहीं, बुधवार और गुरुवार के बीच इस जलमार्ग से लगभग एक दर्जन जहाज गुजरे, जो युद्ध से पहले के सामान्य यातायात स्तर से काफी कम है।

