गुवाहाटी 31 मार्च (वार्ता) राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के अस्थाई कप्तान रियान पराग पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार धीमी ओवर गति को लेकर रियान पराग की टीम की यह पहली गलती है इसलिए आईपीएल की आचार संहिता की धारा 2.22 के तहत उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पराग इस सीजन में इस नियम के तहत दंडित होने वाले दूसरे कप्तान हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान हार्दिक पांड्या पर भी धीमी ओवर गति के कारण जुर्माना लगाया गया था।
आरआर ने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर इस आईपीएल सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। पराग को पहले तीन मैचों के लिए अस्थाई रूप से टीम का कप्तान बनाया गया था। संजू सैमसन उंगली की चोट से उबर रहे हैं और केवल बल्लेबाजी के तौर पर खेल रहे हैं। इस दौरान ध्रुव जुरेल टीम के लिए विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे है।
