
इंदौर. छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में घर के बाहर बैठे युवकों को हटाने की बात पर ऑटो चालक पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया. मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि माली मोहल्ला निवासी फरियादी आदेश सिंह गौर (ऑटो चालक) ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि बीती रात काम से लौटने पर उनके घर के बाहर दिलीप राठौर और अवधेश बैठे थे. जब उन्होंने दोनों को वहां से हटने के लिए कहा तो आरोपी भड़क गए और गाली गलौज करने लगे. विरोध करने पर आरोपी दिलीप ने पास पड़ी बीयर की बोतल फोड़कर उसका नुकीला हिस्सा आदेश के बाएं हाथ पर मार दिया, जिससे खून बहने लगा. इसी दौरान दूसरे आरोपी अवधेश ने उन्हें पकड़कर मारपीट की, जिससे कान के पास, कमर और पैर में भी चोटें आईं. घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. भीड़ बढ़ती देख आरोपी फरार हो गए, लेकिन जाते जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे गए. छत्रीपुरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
